कोरबा। गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम के बीच कोरबा कलेक्ट्रेट में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर सेना के जवान संतोष पटेल ने आत्महत्या की कोशिश कर ली। जवान ने परिसर में ही जहर का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुँचाया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
सुसाइड नोट मिला, अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप

घटना के बाद पुलिस को जवान के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें संतोष पटेल ने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। नोट में आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का विस्तार से उल्लेख है।
महिला सैनिकों की शिकायत के बाद जिला सेनानी बर्खास्त
जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले महिला सैनिकों ने जिला सेनानी के खिलाफ विशाखा समिति में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के बाद जिला सेनानी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि इसी कार्रवाई से आहत होकर जवान ने यह कदम उठाया।
अधिकारियों में हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में जवान की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बता दें कि इससे पहले राजनांदगांव में भी एक सैनिक ने आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद सुरक्षा बलों में तनाव और कार्यसंस्कृति पर सवाल उठने लगे हैं।

