रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र से सोमवार तड़के सनसनीखेज मामला सामने आया है। पार्वती नगर इलाके में बच्चा चोरी के शक में स्थानीय लोगों ने एक महिला को रंगे हाथों पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।

सुबह करीब 4:30 बजे हुई इस वारदात ने पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मचा दी।जानकारी के मुताबिक, एक महिला पर आरोप है कि वह मोहल्ले से एक बच्चे को उठाकर अपने साथ लेकर जाने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों को शक हुआ, उन्होंने महिला को रोक लिया और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। आरोपों के बीच गुस्साई भीड़ ने महिला को घेरकर पीटना शुरू कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। घायल महिला को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है — क्या वास्तव में यह बच्चा चोरी की कोशिश थी या फिर किसी अफवाह ने लोगों को उकसाया, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

स्थानीय रहवासी इस घटना से दहशत में हैं और पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि अफवाहों पर भरोसा न करें, किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पहले थाने को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *