सरगुजा जिले के एक सक्रिय पत्रकार और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अमित कुमार पाण्डेय ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज अंबिकापुर को लिखित आवेदन सौंपकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
अपने आवेदन में अमित पाण्डेय ने बताया कि वे लंबे समय से जनहित से जुड़े मुद्दों को उजागर करते आ रहे हैं। उन्होंने कई बार भ्रष्टाचार, घोटालों और प्रशासनिक खामियों को सामने लाया है, जिसके चलते कुछ कथित भ्रष्ट अधिकारी और उनके सहयोगी उनसे नाराज़ हैं।
पत्रकार के अनुसार, उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली है कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। इस साजिश में उन्हें झूठे मामलों में फंसाने, सड़क दुर्घटना के नाम पर जान से मारने और असामाजिक तत्वों से हमला कराने जैसी योजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने आशंका जताई है कि उनके साथ किसी भी समय गंभीर घटना हो सकती है। इसके अलावा उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी आवाज को दबाने के लिए फर्जी केस दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
अमित पाण्डेय ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, उनके निवास के आसपास सुरक्षा बढ़ाई जाए और किसी भी साजिश की जानकारी मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक जशपुर, मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस महानिदेशक रायपुर और गृह मंत्री छत्तीसगढ़ को भी आवेदन की प्रतिलिपि भेजी है।
पत्रकार ने प्रशासन से त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जताते हुए कहा कि इससे न केवल उनकी सुरक्षा होगी बल्कि अन्य पत्रकारों और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट्स को भी सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।



