कांकेर/दल्लीराजहरा। शांतिपारा में एक साल पहले करंट लगने से मौत का मामला समझा गया मुकेश विश्वास हत्याकांड आखिरकार पुलिस की जांच में खुल गया। जिस मौत को शुरुआत में हादसा माना गया था, वह दरअसल पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा रची गई सुनियोजित साजिश निकली। पुलिस ने मृतक की पत्नी सरस्वती विश्वास, उसके प्रेमी इंद्रजीत दास समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक 24 मई 2025 की रात शांतिपारा निवासी मुकेश विश्वास का शव खेत के पास मिला था। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हुआ और शुरुआती जांच भी उसी दिशा में आगे बढ़ी। लेकिन समय के साथ सामने आए तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच ने पूरे मामले की तस्वीर बदल दी।

जांच में खुलासा हुआ कि सरस्वती विश्वास और उसके पड़ोसी इंद्रजीत दास के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों के साथ घूमने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया था। मामला थाने तक पहुंचा और घर में लगातार तनाव का माहौल बना रहा। इसी बीच पत्नी और उसके प्रेमी ने मुकेश को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन मुकेश को बहाने से खेत की ओर बुलाया गया। वहां उसे शराब पिलाकर बेहोश किया गया और फिर ट्यूबवेल के बिजली तारों की मदद से उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद पूरे घटनास्थल को इस तरह तैयार किया गया कि मामला दुर्घटना लगे और किसी को साजिश का शक न हो।

बंद फाइल दोबारा खुली, तकनीकी जांच ने खोले राज

कांकेर पुलिस ने इस अंधे कत्ल की फाइल को दोबारा खोला और कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन तथा डिजिटल फोरेंसिक जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि घटना के समय सरस्वती और इंद्रजीत के बीच लगातार फोन पर बातचीत हो रही थी। अन्य आरोपियों से भी संपर्क के प्रमाण मिले। तकनीकी साक्ष्यों ने एक-एक कर पूरी साजिश की परतें खोल दीं।

पुलिस ने दोबारा पूछताछ और डिजिटल सबूतों के आधार पर सरस्वती विश्वास, इंद्रजीत दास, सुरेंद्र बाछाड़ और रंजीत सरकार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य सामग्री से भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।

पुलिस को गुमराह करने की थी कोशिश

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों ने हत्या को करंट से हुई दुर्घटना साबित करने की पूरी कोशिश की थी ताकि जांच भटक जाए। लेकिन वैज्ञानिक जांच, मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड ने उनकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। आरोपियों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *