रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को अपडेट करने का काम अब अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पूरी करने के बाद जारी ड्राफ्ट लिस्ट में इस बार कुल 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं, उन्हें आयोग ने दावा-आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया है। अब तक प्रदेश के विभिन्न जिलों से 2 लाख 74 हजार से अधिक लोगों ने अपने नाम पुनः शामिल करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए हैं।

27 लाख से अधिक नाम हुए थे हटाए
विशेष पुनरीक्षण के दौरान आयोग ने 27 लाख 34 हजार 817 नाम मतदाता सूची से बाहर किए थे। इनमें मृत मतदाता, स्थायी रूप से स्थानांतरित व्यक्ति, दोहरी प्रविष्टि वाले और अयोग्य मतदाता शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि सत्यापन के बाद सही पाए गए नामों को फिर से सूची में जोड़ा जाएगा।
दावा-आपत्ति की समयसीमा
चुनावी कार्यक्रम के अनुसार, दावा और आपत्ति दाखिल करने की प्रक्रिया 23 दिसंबर 2025 से शुरू हुई है, जो 22 जनवरी 2026 तक चलेगी। इन आवेदनों की जांच और सुनवाई 14 फरवरी 2026 तक पूरी की जाएगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
उद्देश्य: त्रुटिरहित मतदाता सूची
निर्वाचन आयोग ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया का मकसद मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाना है। जो लोग गलती से हटाए गए हैं, वे निर्धारित समयसीमा में फॉर्म जमा कर अपने नाम वापस जुड़वा सकते हैं।
अधिकारियों ने सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिया है कि जांच प्रक्रिया सरल और निष्पक्ष हो। आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम अवश्य जांचें और आवश्यक सुधार समय रहते कराएं। अंतिम लिस्ट आने के बाद राज्य में मतदाताओं की संख्या में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है।


