मुस्लिम समाज ने गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने के समर्थन में किए हस्ताक्षर, पीएम को भेजी जाएगी मांग
रायपुर। राजधानी रायपुर के मोढ़ापारा इलाके में शुक्रवार को एक अलग तरह की पहल देखने को मिली। रायपुर उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नवाज़ खान के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोगों ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया।

मस्जिद के पास आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम अपनी सहमति दर्ज कराई। आयोजकों का दावा है कि अभियान के दौरान सैकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं, जिन्हें जल्द ही प्रधानमंत्री कार्यालय भेजा जाएगा।
नवाज़ खान ने कहा कि गाय केवल किसी एक धर्म या समुदाय का विषय नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, सेवा और सहअस्तित्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा मिलने से सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिलेगी।

अभियान में शामिल लोगों का कहना था कि गाय के नाम पर होने वाले विवादों का समाधान समाज में आपसी भाईचारे और संवाद से ही संभव है। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला। लोगों ने गौवंश संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दिया।आयोजकों के मुताबिक, यह अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देने और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक प्रयास है।

