परीक्षा के बीच बार-बार बिजली गुल होने से नाराज़ छात्र खुद सुधार कार्य में जुटे, KTUJM की व्यवस्था पर उठे सवाल

रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में इन दिनों हालात ऐसे हो गए हैं कि छात्र पढ़ाई कम और व्यवस्था संभालने में ज्यादा लगे हुए हैं। कभी परीक्षा के बीच बिजली बंद हो जाती है, तो कभी हॉस्टल में घंटों अंधेरा छा जाता है। परेशान छात्र आखिरकार खुद ही बिजली सुधारने निकल पड़े।

विश्वविद्यालय परिसर से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में छात्र बिजली लाइन और बोर्ड ठीक करते नजर आए। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में लगातार बिजली कटौती से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऊपर से गर्मी और उमस ने हालत और खराब कर दी है। कई बार शिकायत करने के बाद भी जब जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया, तब छात्र खुद ही “इलेक्ट्रीशियन” बन गए।छात्रों ने तंज कसते हुए कहा —“यहां पत्रकारिता की पढ़ाई कम, सर्विस सेंटर की ट्रेनिंग ज्यादा मिल रही है।”

बताया जा रहा है कि परीक्षा के दौरान भी कई बार बिजली बंद हुई, जिससे छात्र परेशान हो गए। मोबाइल की टॉर्च और इमरजेंसी लाइट के सहारे परीक्षा और पढ़ाई करनी पड़ी। हॉस्टल में रहने वाले छात्रों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बाद भी प्रशासन सिर्फ आश्वासन देता रहा।

छात्रों का आरोप है कि करोड़ों के दावों और बड़े-बड़े भाषणों के बीच विश्वविद्यालय की बुनियादी व्यवस्था चरमराई हुई है। जिस संस्थान को प्रदेश का “पत्रकारिता गुरुकुल” कहा जाता है, वहां छात्र अब बिजली, पानी और मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

एक छात्र ने नाराज़गी जताते हुए कहा —“यहां पढ़ने आए हैं या व्यवस्था सुधारने? कभी बिजली गायब, कभी सुविधा बंद। जिम्मेदार लोग एसी कमरे में बैठकर मीटिंग करते हैं और छात्र गर्मी में परेशान होते हैं।”विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि समस्याएं नई नहीं हैं, लेकिन हर बार उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है।

छात्रों ने मांग की है कि हॉस्टल और परीक्षा व्यवस्था को तुरंत सुधारा जाए और लगातार हो रही बिजली समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *