रायपुर . छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं, जबकि पुलिस मुख्यालय, बस्तर, राजनांदगांव रेंज और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। माना जा रहा है कि कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से यह बड़ा निर्णय लिया गया है।

इस तबादला सूची में सबसे प्रमुख बदलावों में अजय कुमार यादव को पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं बालाजी राव सोमवार को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर भेजा गया है। प्रशांत कुमार अग्रवाल को भी पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी मिली है।

जिला स्तर पर भी कई अहम चेहरे बदल गए हैं। चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। त्रिलोक बंसल को बेमेतरा, सुनील शर्मा को सारंगढ़-बिलाईगढ़, जितेंद्र कुमार यादव को कबीरधाम, चव्हाण किरण गंगाराम को बालोद, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर, राय गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर, मयंक गुर्जर को सुकमा, संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर, भावना पाण्डेय को धमतरी तथा हरीश राठौर को कोरिया जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

इसके अलावा रामकृष्ण साहू, प्रशांत कुमार ठाकुर, राजेश कुकरेजा, भावना गुप्ता सहित कई अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ प्रशासनिक पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) में भी अधिकारियों की नई पदस्थापना कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कोशिश की गई है।

राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस बड़े फेरबदल को आगामी प्रशासनिक चुनौतियों और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। जिन जिलों में नए पुलिस अधीक्षक नियुक्त किए गए हैं, वहां अपराध नियंत्रण, नक्सल विरोधी अभियान, महिला सुरक्षा और पुलिसिंग की गुणवत्ता को लेकर लोगों की अपेक्षाएं भी बढ़ गई हैं।

अब सबकी नजर नए अधिकारियों की कार्यशैली पर रहेगी। जिन जिलों में लंबे समय से अपराध, अवैध कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी, रेत और शराब माफिया जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं, वहां नए पुलिस कप्तानों के सामने परिणाम देने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। सरकार के इस फैसले से स्पष्ट संकेत मिलता है कि पुलिस प्रशासन में जवाबदेही और प्रदर्शन के आधार पर जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया जा रहा है।छत्तीसगढ़ गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और सभी अधिकारियों को अगले आदेश तक उनके नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं .

आदेश की कॉपी –

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *