रायपुर।बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा या मानसिक दबाव का सामना न करना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा प्रारंभ होने से पहले ही व्यापक हेल्पलाइन सेवा शुरू कर दी है। यह सुविधा हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी तथा हायर सेकेंडरी व्यावसायिक परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई है।
हेल्पलाइन सेवा का उद्देश्य परीक्षा से संबंधित समस्याओं, भ्रम की स्थिति और तनाव को समय रहते दूर करना है। इस व्यवस्था के अंतर्गत विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक सभी अपनी शैक्षणिक, मानसिक और परीक्षा से जुड़ी परेशानियों के समाधान के लिए संपर्क कर सकते हैं। मंडल द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 1800-233-4363 पर सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक कॉल कर मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
हेल्पलाइन केंद्र में प्रतिदिन अनुभवी मनोचिकित्सक, मनोवैज्ञानिक, शैक्षणिक अभिप्रेरक तथा माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारी मौजूद रहेंगे। ये विशेषज्ञ परीक्षा के तनाव, आत्मविश्वास की कमी, समय प्रबंधन, पढ़ाई की रणनीति और अन्य शैक्षणिक समस्याओं पर परामर्श देंगे। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र, प्रवेश पत्र, विषय चयन और अन्य तकनीकी विषयों से जुड़े सवालों का भी समाधान किया जाएगा।
विशेष बात यह है कि यह हेल्पलाइन सेवा रविवार सहित सभी कार्यदिवसों में कार्यालयीन समय के दौरान उपलब्ध रहेगी, ताकि विद्यार्थियों को किसी भी दिन सहायता लेने में कठिनाई न हो। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या, तनाव या असमंजस की स्थिति में बिना संकोच हेल्पलाइन का लाभ उठाएं। मंडल का उद्देश्य है कि सभी परीक्षाएं सकारात्मक, शांत और तनावमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।

