रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ‘एपस्टीन फाइल’ को लेकर भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन ‘फाइल्स’ को लेकर देश में राजनीति गर्म की गई, उसी तरह गंभीर अंतरराष्ट्रीय खुलासों पर अब चुप्पी क्यों साध ली गई है।
भूपेश बघेल ने तीखा प्रहार करते हुए कहा, “पहले ‘कश्मीर फाइल्स’ आई, फिर ‘केरल फाइल्स’ लाई गई। दोनों के जरिए समाज को बांटने का काम किया गया। भाजपा नेताओं ने इन्हें लेकर जमकर बयानबाजी की। लेकिन अब अमेरिका में ‘एपस्टीन फाइल’ खुली है, जिसमें दुनिया के ताकतवर लोगों के नाम सामने आने की चर्चा है, तो सब मौन हैं।”उन्होंने आगे कहा कि “अगर फाइल्स का मतलब सच सामने लाना है, तो हर फाइल पर बोलना चाहिए।
चयनात्मक चुप्पी यह दिखाती है कि मुद्दा सच्चाई नहीं, बल्कि राजनीतिक फायदा है।”पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना जरूरी है और सत्ता में बैठे लोगों को हर गंभीर मामले पर समान मापदंड अपनाने चाहिए। उन्होंने भाजपा से मांग की कि वह इस मुद्दे पर भी अपनी स्थिति स्पष्ट करे।फिलहाल ‘एपस्टीन फाइल’ को लेकर देश की राजनीति में खामोशी है, लेकिन विपक्ष इसे दोहरे मापदंड का उदाहरण बताते हुए लगातार सवाल खड़े कर रहा है।

